हिसार (दिनकर गावड़ी):- अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन द्वारा आगामी 10 अक्टूबर को ऐतिहासिक लाल किला, नई दिल्ली में महाराजा अग्रसेन जयंती का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देशभर से अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न प्रदेशों के पदाधिकारी सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम में हरियाणा की भी विशेष एवं अहम भागीदारी रहेगी।
कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, झारखंड से पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की जानकारी है। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल, राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नाथूराम जैन सहित विभिन्न प्रदेशों के पदाधिकारी एवं समाजबंधु इस ऐतिहासिक आयोजन में उपस्थित रहेंगे।
हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष विपिन गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन केवल अग्रवाल समाज के आराध्य एवं प्रेरणास्रोत ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और परस्पर सहयोग की महान परंपरा के प्रतीक हैं। महाराजा अग्रसेन द्वारा स्थापित समाज व्यवस्था में प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और प्रत्येक परिवार के सुख-दुःख में समाज की सामूहिक भागीदारी का संदेश मिलता है।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के “एक ईंट और एक रुपया” के संदेश में समाज के आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति को साथ लेकर आगे बढ़ने की भावना निहित है। आज के समय में भी उनके विचार सामाजिक एकता, सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं।
लाल किले की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में आयोजित होने वाला यह समारोह सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी सुसज्जित रहेगा। कार्यक्रम में महाराजा अग्रसेन के जीवन, उनके आदर्शों और सामाजिक संदेश पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भजन, संगीत एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन के विचारों और समाज के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
विपिन गोयल ने कहा कि हरियाणा की टीम इस राष्ट्रीय आयोजन में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं के साथ सहभागिता करते हुए प्रदेश की मजबूत सामाजिक एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति का परिचय देगी। उन्होंने प्रदेशभर के अग्रवाल समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें।
उन्होंने कहा कि लाल किले की ऐतिहासिक धरती पर महाराजा अग्रसेन जयंती का आयोजन पूरे अग्रवाल समाज के लिए गौरव और भावनात्मक जुड़ाव का अवसर है। यह समारोह महाराजा अग्रसेन के विचारों को देशभर में नई पीढ़ी तक पहुंचाने और समाज में सेवा, सहयोग तथा एकता की भावना को और मजबूत करने का माध्यम बनेगा।
