रतिया, 06 सितंबर:- अध्यापक दिवस के अवसर पर लोक चेतना मंच हरियाणा द्वारा अपनी 36 वर्षों की सम्मान समारोह श्रृंखला को जारी रखते हुए ग्लोबल स्टार लाइब्रेरी, रतिया में तीन शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रवक्ता सतपाल सिंह ढिल्लों, प्रवक्ता चरणजीत सिंह तथा प्रवक्ता शशि बाला को सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता मंच के मुख्य सलाहकार तेजिंदर सिंह औजला ने की।
समारोह में स्वागत भाषण देते हुए मंच के चेयरमैन डॉ. नैब सिंह मंडेर ने कहा कि अध्यापक का सम्मान वास्तव में पूरे समाज का सम्मान है। उन्होंने कहा कि अच्छे समाज की सृजना और भावी पीढ़ी के निर्माण में अध्यापक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। Dr. मंडेर ने बताया कि लोक चेतना मंच हरियाणा वर्ष 1990 से लगातार प्रत्येक वर्ष अध्यापकों का सम्मान समारोह आयोजित करता आ रहा है। अब तक मंच द्वारा क्षेत्र के 84 प्रबुद्ध एवं समर्पित अध्यापकों को सम्मानित किया जा चुका है। इसी श्रृंखला में इस वर्ष चयन समिति द्वारा तीन शिक्षकों का चयन किया गया।
मंच के महासचिव कृष्ण सिंह चित्रकार ने समारोह का मंच संचालन करते हुए मंच की गतिविधियों एवं कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर हरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रवक्ता शशि बाला का सम्मान-पत्र पढ़कर सुनाया, जबकि हैप्पी सिंह सेठी ने प्रवक्ता सतपाल सिंह ढिल्लों एवं प्रवक्ता चरणजीत सिंह के सम्मान-पत्र प्रस्तुत किए। तीनों सम्मानित शिक्षकों को मंच की ओर से शॉल, प्रशंसा-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंच के मुख्य सलाहकार तेजिंदर सिंह औजला ने कहा कि लोक चेतना मंच हरियाणा पिछले 36 वर्षों से विभिन्न सामाजिक एवं साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में जागरूकता पैदा करने का कार्य कर रहा है। अध्यापकों का सम्मान इस सामाजिक सरोकार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर शिक्षाविद सुरेंद्र सिंह बोला, सम्मानित शख्सियतें प्रवक्ता शशि बाला, प्रवक्ता चरणजीत सिंह एवं प्रवक्ता सतपाल सिंह ढिल्लों, एडवोकेट हरमन सिंह ढिल्लों, एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर, राजवीर कौर, नीलम रानी, बेअंत कौर मंडेर, मंजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, विक्रम सैनी, मंदीप, खुशबू, कुशब गोयल, असमीत, नरेंदर, केशव सहित मंच के सदस्य एवं अध्यापक उपस्थित रहे।