हरोली/ऊना, 18 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- पंजाब के खुरालगढ़ साहिब में धार्मिक आस्था से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच शराब का ठेका खोले जाने से संगतों में भारी रोष व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु इन पवित्र स्थलों पर माथा टेकने पहुंचते हैं। ऐसे में बीचों-बीच खुले शराब ठेके को लेकर लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
हाल ही में यहां बड़े स्तर पर धार्मिक समागम आयोजित किए गए थे, जिनमें पंजाब अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गड़ी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। हैरानी की बात यह रही कि समागम के दौरान भी शराब का ठेका खुला रहा, जिस पर संगतों ने कड़ा एतराज जताया।
इस मुद्दे को लेकर हिमाचल प्रदेश की गुरु रविदास लेवा संगतों ने सख्त विरोध दर्ज करवाया है। संगतों ने पंजाब सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए मांग की है कि धार्मिक स्थलों के बीच स्थित इस ठेके को तुरंत बंद किया जाए।
संगतों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो 22 अप्रैल को गढ़शंकर स्थित एसडीएम कार्यालय के बाहर बड़े स्तर पर रोष प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में संगत के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
इस विरोध में सुलिंद्र चोपड़ा, एससी सेल के जिलाध्यक्ष बलराम महे, निर्मला महे, नरेश सिंघा, रवि कांत बस्सी, अजय सहजल, मुकेश सहजल, सुखविंदर सिंह, रमेश कुमार और रमन कुमार सहित अन्य लोग शामिल हैं।
संगतों का कहना है कि गुरु घर के मान-सम्मान की रक्षा के लिए वे किसी भी स्तर तक जाने को तैयार हैं और इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेंगे।
खुरालगढ़ साहिब में धार्मिक स्थलों के बीच शराब ठेका बना विवाद 22 अप्रैल को एसडीएम कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन का ऐलान
