चंडीगढ़:- डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने मंगलवार को यहां बताया कि पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी करमवीर सिंह को कनाडा से डिपोर्ट किए जाने के बाद अपनी हिरासत में ले लिया है। लुधियाना के गांव बहादरके का रहने वाला करमवीर सिंह वही व्यक्ति है, जिसके बेकर्सफील्ड, कैलिफोर्निया में 2023 के विवाह समारोह के दौरान भगोड़े अनमोल बिश्नोई का पंजाबी गायकों करण औजला और शैरी मान के साथ नाचने का वीडियो वायरल हुआ था। उसे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई पंजाब पुलिस द्वारा केंद्रीय एजेंसियों की मदद से जग्गू भगवानपुरिया गैंग के अहम साथी अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डालम को मोल्डोवा से प्रत्यर्पित (एक्स्ट्राडाइट) करवाने के कुछ दिनों बाद अमल में आई है।
डीजीपी यादव ने बताया कि करमवीर सिंह ने अमेरिका में अनमोल बिश्नोई को पनाह और लॉजिस्टिक सहायता मुहैया करवाई थी। वह भारतीय दंड संहिता, शस्त्र अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम के तहत थाना स्टेट क्राइम, एसएएस नगर (मोहाली) में दर्ज मामले में वांछित था। एजीटीएफ द्वारा 3 सितंबर को उसके खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर जारी किया गया था।
एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (एडीजीपी) प्रमोद बाण ने बताया कि करमवीर सिंह का पंजाब में लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, हथियारबंद लूट-खसोट, रंगदारी-एक्सटॉर्शन और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत कम से कम पांच मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि उसके नेटवर्क, फंडिंग के स्रोतों और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ संबंधों का पता लगाने के लिए आगे जांच जारी है।
कनाडा से डिपोर्ट हुआ लॉरेंस बिश्नोई का करीबी करमवीर सिंह दिल्ली हवाई अड्डे से काबू
