हरोली/ऊना, 23 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- हरोली उपमंडल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सिंगा में वीरवार को लखदाता पीर जी का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्ञानी बाबा सिंगा, ग्राम पंचायत सिंगा के प्रधान तथा गद्दीनशीन बाबा होशियार सिंह अमन ने संयुक्त रूप से की।
जन्मोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत भजन-कीर्तन से हुई, जिसमें कुलदीप माही ने अपनी मधुर आवाज में पीर जी का गुणगान किया। इसके बाद गिल सिस्टर्स ने "हाल-ए-दिल किसको सुनाएं", "पीरां दा है पीर", "मेरा पीर ज्ञानी बाबा", "किते इश्क दा रोग ना बैठी" और "कुली राह विच पाई आसा, तेरे आंवदा-जांदा तक दी रहिए" जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर संगत को भाव-विभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूमने को मजबूर हो गए।
इस अवसर पर जन्मदिन के उपलक्ष्य में 80 किलो का भव्य केक भी काटा गया। केक काटने की रस्म पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण रोड़ी, बीबी हरबंसी देवी (डेरा गोलणी, पंजाब), बलबीर कुमार, शारदा पस्सीबाल तथा ग्राम पंचायत सिंगा के प्रधान द्वारा निभाई गई। इसके बाद केक का प्रसाद संगत में वितरित किया गया।
कार्यक्रम में अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और पीर जी के जन्मोत्सव को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।