नाभा, 15 मई:- केंद्रीय विद्यालय नाभा ने सीबीएसई बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए चंडीगढ़ संभाग में 75.94 प्रतिशत गुणवत्ता के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय ने 20वां स्थान हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
विद्यालय की छात्रा सुखमन ने 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। सलोनी ने 90 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा तथा शुभम ने 88.2 प्रतिशत अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य सुश्री सपना टेम्भूरने ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय नाभा में अनुभवी एवं समर्पित शिक्षक कार्यरत हैं, जिन्होंने पूरी मेहनत और लगन के साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम पिछले कई वर्षों से उत्कृष्ट रहा है और इससे विद्यालय की प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी विद्यालय इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर श्रीमती वंदना महाजन, श्रीमती आशिमा, श्रीमती रूपाली, श्री राजन सहगल, श्रीमती मनदीप सोनी, श्री प्रवेश कुमार, श्री नागेंद्र सिंह, सुश्री नीरू, श्रीमती गगनदीप, श्रीमती नवदीप शर्मा, श्रीमती पूजा शर्मा, श्रीमती बबीता तथा श्रीमती सुनीता सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने मिठाइयाँ बांटकर खुशी व्यक्त की।
