हिसार : श्री रामलीला कमेटी कटला द्वारा 19 से 27 मार्च तक आयोजित किए जाने वाले 129वें श्री रामनवमी महोत्सव व संगीतमय पावन श्रीराम कथा के शुभारंभ के लिए पूरे विधि-विधान से पूजा व आराधना की गई। श्री रामलीला कमेटी कटला के प्रधान विनोद गुप्ता व रामलीला से जुड़े साथियों ने मंदिर में प्रथम पूज्य श्री गणेश जी व वीर बजरंग बली जी को पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-पाठ के साथ निमंत्रण-पत्र अर्पित किया। इसी भांति अन्य देवी-देवताओं को भी निमंत्रण-पत्र अर्पित करके उनके आशीर्वाद की कामना की गई। इस दौरान सभी साथियों ने जय श्रीराम व जय बजरंग बली के उद्घोष से पूरा मंदिर गुंजायमान कर दिया। पूजा-अर्चना के उपरांत सभी उपस्थित साथियों व अन्य श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। विनोद गुप्ता ने बताया कि देवी भवन के गोयनका सदन में 19 से 27 मार्च तक आयोजित होने वाले श्रीरामनवमी महोत्सव व श्रीराम कथा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस अवसर पर कटला रामलीला के सचिव ललित गोयल, राजकुमार जैन, विनोद कंसल, राधेश्याम अग्रवाल, प्रवीन सिंगल, सज्जन गुप्ता, वीरभान बंसल, सुरेंद्र लाहौरिया, राजेश शर्मा व राजेंद्र बंसल सहित काफी संख्या में अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रधान विनोद गुप्ता ने बताया कि कटला रामलीला ने श्रीराम की गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने की जो परंपरा कायम की है, उसे रामलीला के माध्यम से एवं श्रीराम कथा के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि श्री रामलीला कमेटी कटला द्वारा आयोजित श्री रामनवमी महोत्सव व श्रीराम कथा हिसार के देवी भवन के गोयनका सदन में 19 से 27 मार्च तक जारी रहेंगे। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 3.15 बजे से सायं 7 बजे तक रहेगा। 27 मार्च को प्रात: 7.15 बजे जनकल्याण के निमित गोयनका सदन में हवन किया जाएगा और इसी दिन प्रात: 9.15 बजे यहां से भव्य रामनवमी शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह शोभा यात्रा विभिन्न बाजारों से होते हुए वापस गोयनका सदन पहुंचेगी। यहां पर दोपहर 12.15 बजे से प्रभु इच्छा तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन श्री धाम वृंदावन वाले श्री भावेश कृष्ण भारद्वाज श्रीराम कथा का अमृतपान करवाएंगे।
श्रीरामनवमी महोत्सव व श्रीराम कथा की शुरुआत के लिए कटला पदाधिकारियों ने श्री हनुमान मंदिर में की पूजाअर्चना
