करनाल,1 मार्च:- करनाल इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा दसवीं के छात्र ज्योतिर्मय वर्मा ने प्रतिष्ठित सिल्वर जोन फाउंडेशन  द्वारा आयोजित तर्कशक्ति एवं अभिरुचि ओलंपियाड में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।इस ओलंपियाड में 14 से अधिक देशों के विद्यार्थियों ने भाग लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ज्योतिर्मय ने अपनी उत्कृष्ट विश्लेषण क्षमता, तार्किक चिंतन और निरंतर परिश्रम के बल पर यह उपलब्धि अर्जित की। 
विद्यालय के अध्यक्ष कर्नल अरुण दत्ता ने छात्र को बधाई देते हुए इसे विद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी सफलताएँ अन्य विद्यार्थियों को भी उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती हैं। 
विद्यालय के निदेशक प्रकाश जोशी ने भी ज्योतिर्मय तथा शैक्षणिक दल को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तार्किक क्षमता विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण उन्नयन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। विद्यालय परिवार ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए ज्योतिर्मय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।