करनाल, 28 अक्टूबर (प्रवीण वालिया):- करवा चौथ और दिवाली के त्योहारों को देखते हुए करनाल पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। करनाल के पुलिस अधीक्षक श्री करण गोयल, आईपीएस के दिशा-निर्देशों के तहत बाजारों, प्रमुख मंदिरों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है, ताकि नागरिक सुरक्षित माहौल में खरीदारी कर सकें और अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें।

बाजारों और मंदिरों में रहेगी पुलिस की पैनी नजर

त्योहारों के दौरान बाजारों और धार्मिक स्थलों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। प्रमुख बाजारों, मंदिरों, प्रवेश और निकास मार्गों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ जेबकतरी, चोरी, छीनाझपटी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस सतर्क रहेगी। इसके अलावा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए जाएंगे, ताकि लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही में बाधा न आए।

दुकानदार निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें वाहन

करनाल पुलिस ने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे अपने दोपहिया वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। बाजार के अंदर या रास्तों पर वाहन खड़े करने से यातायात बाधित होता है और पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

निर्धारित पार्किंग के बजाय बाजार के रास्तों या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों और आमजन से सहयोग की अपील करते हुए पुलिस ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल सुनिश्चित किया जा सकता है।

करनाल पुलिस ने अपील की है कि त्योहारों के दौरान सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करके पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।