हरोली/ऊना, 21 जून (राजवीर चोपड़ा):- तप अस्थान श्री गुरु रविदास ऐतिहासिक धर्म अस्थान, खुरालगढ़ साहिब में श्री गुरु रविदास जी महाराज का जोती-जोत दिवस श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने उपस्थित होकर गुरु चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान भाई बलजिंदर सिंह एवं भाई दीपक सिंह कीर्तनी जत्थे द्वारा मधुर गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया गया। साथ ही श्री गुरु रविदास जी महाराज की महान शिक्षाओं एवं जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए संगत को उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। 
वक्ताओं ने भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर के जीवन संघर्ष एवं समाज सुधार में उनके योगदान के बारे में भी संगत को जागरूक किया।
इस अवसर पर मुख्य सेवादार बाबा केवल सिंह ने संगत को संबोधित करते हुए बताया कि फरवरी 2027 में श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। 
उन्होंने क्षेत्र की समस्त संगत एवं गांवों के लोगों से अपील की कि 650वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में सभी श्रद्धालु एकजुट होकर तप अस्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में आयोजित मुख्य समारोह में भाग लें। 
उन्होंने यह भी निवेदन किया कि गांवों में आयोजित होने वाले प्रकाश उत्सव निर्धारित तिथि से अलग मनाए जाएं ताकि अधिक से अधिक संगत खुरालगढ़ साहिब में एकत्रित होकर इस ऐतिहासिक अवसर की शोभा बढ़ा सके।
कार्यक्रम में मुख्य सेवादार बाबा केवल सिंह, बाबा हरभजन सिंह कोषाध्यक्ष, बाबा नरेश सिंह, बाबा सुखदेव सिंह, चरण भारती, चौधरी जीत सिंह सहित अन्य गणमान्य श्रद्धालु एवं संगत उपस्थित रही। अंत में अरदास उपरांत संगत में गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया।