होशियारपुर- पंजाब सरकार द्वारा किसानों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की राज्य स्तरीय निगरानी टीमों द्वारा सभी जिलों में खाद डीलरों की दुकानों, गोदामों और प्लाईवुड औद्योगिक इकाइयों की औचक चेकिंग की गई। 
इस अभियान के तहत जिला होशियारपुर में राज्य स्तरीय टीम द्वारा गढ़शंकर, माहिलपुर, चब्बेवाल, होशियारपुर और मुकेरियां में खाद विक्रेताओं के गोदामों की चेकिंग की गई। इसके अलावा भूंगा और होशियारपुर में स्थित प्लाईवुड औद्योगिक इकाइयों की भी चेकिंग की गई।
टीम द्वारा यह पाया गया कि किसानों, विशेष रूप से बड़े किसानों द्वारा खरीफ की फसलों के लिए आवश्यक यूरिया खाद का अभी से स्टॉक किया जा रहा है, जिससे छोटे किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। किसानों को चाहिए कि सिफारिशों के अनुसार और जरूरत के मुताबिक खाद की खरीद कर फसलों में उपयोग करें ताकि कृषि लागत खर्च कम करने के साथ-साथ मिट्टी, हवा और पानी को प्रदूषित होने से बचाया जा सके। 
डॉ. अमरीक सिंह ने इस मौके पर बताया कि पंजाब में लगातार यूरिया खाद का उपयोग बढ़ रहा है और यह देखने में आया है कि सब्सिडी वाली यूरिया खाद का उपयोग प्लाईवुड इंडस्ट्री में संभव है, जो कि गैर-कानूनी है। उन्होंने बताया कि इन औद्योगिक इकाइयों में यूरिया खाद के उपयोग को रोकने के संबंध में पूरे पंजाब में चेकिंग की जा रही है और इसी कड़ी के तहत आज जिला होशियारपुर में चेकिंग की गई है।