फतेहाबाद, 08 फरवरी:- प्रदेश में बढ़ती चोरी व नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से *पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस* ने नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में यह देखने में आ रहा है कि जब परिवार किसी कारणवश घर से बाहर चले जाते हैं और घर अथवा दुकानें लंबे समय तक बंद रहती हैं, तो असामाजिक तत्व ऐसे स्थानों को निशाना बनाकर चोरी व सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देते हैं।
*पुलिस अधीक्षक* ने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस और जनता के बीच आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। यदि आमजन सतर्क रहें और समय रहते पुलिस को सूचना दें, तो अधिकांश वारदातों को पहले ही रोका जा सकता है।
*एसपी श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस* ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि जब भी वे अपने घर या दुकान को बंद कर किसी कारणवश बाहर जाने की योजना बनाएं—चाहे वह कुछ घंटों के लिए हो, एक दिन या कई दिनों के लिए—तो इसकी सूचना अपने नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर अवश्य दें। सूचना देते समय यह भी बताएं कि वे कब से कब तक बाहर रहेंगे तथा घर या दुकान का पूरा पता क्या है।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार की पूर्व सूचना मिलने से पुलिस को संबंधित क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतने में मदद मिलती है। रात्रिकालीन गश्त, बीट पुलिसिंग और आकस्मिक निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मी ऐसे बंद घरों और दुकानों पर विशेष नजर रखते हैं, जिससे चोरी या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
*पुलिस अधीक्षक* ने कहा कि कई बार लंबे समय तक घर या दुकान बंद रहने की जानकारी असामाजिक तत्वों तक पहुंच जाती है, जिसका वे गलत फायदा उठाते हैं। लेकिन यदि पुलिस को पहले से सूचना हो, तो ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा सकती है और अपराध को होने से पहले ही विफल किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है और इसका उद्देश्य केवल नागरिकों की सुरक्षा करना है।
*एसपी श्री सिद्धांत जैन* ने आमजन को आश्वस्त किया कि पुलिस को दी गई जानकारी को पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा और इसका उपयोग केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किया जाएगा। नागरिक बिना किसी संकोच या भय के पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बाहर जाते समय अपने पड़ोसियों को सूचित करें, घरों व दुकानों में मजबूत ताले लगाएं, कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखें, सीसीटीवी कैमरे व अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
*पुलिस अधीक्षक* ने कहा कि सुरक्षित समाज की नींव जनसहयोग पर ही टिकी होती है। आमजन की थोड़ी-सी सतर्कता न केवल उनकी अपनी, बल्कि उनके परिवार और पूरे समाज की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा सकती है।
अंत में उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से पुनः अपील की कि घर या दुकान बंद कर बाहर जाने से पूर्व नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर कॉल कर कंट्रोल रूम को अवश्य सूचित करें। आपकी सतर्कता – हमारी जिम्मेदारी।
घरदुकान बंद कर बाहर जाने से पहले पुलिस को दें सूचना एसपी सिद्धांत जैन
