हांसी:–पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिला हांसी पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं अपराधों की रोकथाम को लेकर लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हांसी ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति या परिवार लंबे समय के लिए अपने घर से बाहर जा रहा है तो इसकी सूचना अपने नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में अवश्य दें।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन दिनों गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने के कारण काफी परिवार अपने घरों को बंद कर बाहर घूमने या रिश्तेदारी में जा रहे हैं। ऐसे समय में घर लंबे समय तक बंद रहने पर चोरी या अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। यदि स्थानीय पुलिस को पहले से जानकारी मिल जाती है तो संबंधित क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी को और मजबूत किया जा सकता है, जिससे घरों की सुरक्षा बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि जिला हांसी पुलिस द्वारा पहले से ही शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है, लेकिन आमजन के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी अपील की कि यदि कोई व्यक्ति अपना मकान किराए पर देता है तो किरायेदार की जानकारी स्थानीय पुलिस के साथ साझा करें। साथ ही यदि आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
हांसी पुलिस द्वारा जिले में पीसीआर, मोटरसाइकिल राइडर व पैदल गश्त के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिला पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हांसी पुलिस की अपील : सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और घर से बाहर जाने से पहले स्थानीय पुलिस को जरूर सूचित करें।