खरड़, 21 मार्च 2026:- श्री राम मंदिर, खरड़ में 26 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में आज विधि-विधानपूर्वक शुभारंभ किया गया। इस संबंध में श्री राम मंदिर अज्ज सरोवर विकास समिति, खरड़ के प्रेस सचिव श्री रोहित मिश्रा ने जानकारी साझा की।
कार्यक्रम की शुरुआत समिति के प्रधान श्री शशि पाल जैन एवं वरिष्ठ सदस्यों—श्री जे.पी. धीमान, श्री आनंद बंसल, श्री दविंदर गुप्ता, श्री कुलवंत चौधरी, श्री जरिंदर अरोड़ा तथा श्री .एम.एस. संधू द्वारा विधिवत गणेश पूजन के साथ की गई। इसके उपरांत शास्त्रोक्त विधि से प्राण प्रतिष्ठा से संबंधित पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई।पूजन के पश्चात भव्य रथ के साथ विशाल कलश यात्रा का आयोजन किया गया।
यह यात्रा श्री राम भवन से प्रारंभ होकर खरड़ नगर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए पुनः श्री राम भवन में संपन्न हुई|कलश यात्रा के दौरान नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर लंगर सेवा, पुष्प वर्षा एवं श्रद्धापूर्वक स्वागत कर अपनी आस्था और उत्साह का परिचय दिया। विशेष रूप से महिलाओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही।
पूरा नगर भगवान श्री राम के भगवा ध्वजों से सुसज्जित दिखाई दिया तथा वातावरण पूर्णतः भक्तिमय एवं राममय बना रहा।यात्रा के समापन उपरांत समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।समिति द्वारा 26 मार्च 2026 तक प्रतिदिन विभिन्न भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिनमें प्रमुख रूप से- भव्य कलश यात्रा, भजन-कीर्तन संध्या, दीपमाला महोत्सव, हवन एवं विशेष पूजा, नगर के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान समारोह, भव्य आतिशबाज़ी। समिति ने समस्त नगरवासियों से अपील की है कि वे इन धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
श्री राम मंदिर खरड़ में मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ
