करनाल,20 नवंबर: करनाल जिले में एक निजी स्कूल के शिक्षक द्वारा 8वीं कक्षा के छात्र को लोहे के स्केल से बेरहमी से पीटे जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र के शरीर पर पड़े चोटों के निशान देखकर परिजन भड़क उठे और उन्होंने बच्चे का मेडिकल कराकर शिक्षक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। 
घरौंडा क्षेत्र के पास कल्हेड़ी गांव के नजदीक बरसत रोड स्थित निजी स्कूल में पढ़ने वाले 14 वर्षीय कार्तिक ने बताया कि बुधवार को गणित शिक्षक प्रवीन कुमार ने बिना वजह उसे निशाना बनाकर पीटा। 
छात्र के अनुसार, क्लास में किसी और बच्चे ने शोर मचाया, लेकिन नाम उसका ले दिया गया। इसके बाद शिक्षक ने आयरन स्केल से उसके हिप्स पर लगातार प्रहार किए, जिससे वह दर्द से कराह उठा। मारपीट के दौरान कार्तिक की गर्दन और हाथ की उंगली पर भी चोट लगी। कार्तिक के चाचा मोहित कुमार त्यागी ने बताया कि वह शाम को खेत से घर लौटे तो कार्तिक लंगड़ाता हुआ दिखाई दिया। जब उन्होंने उससे कारण पूछा तो बच्चे ने रोते हुए पूरी घटना बताई।
 परिजनों ने जब उसके हिप्स देखे तो उन पर साफ चोटों के निशान थे। मोहित ने बताया कि उन्होंने तुरंत बच्चे को घरौंडा के सरकारी अस्पताल में ले जाकर उसका मेडिकल करवाया, जिसमें चोटों की पुष्टि हुई है। परिवार ने अब पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है और आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। 
उनका कहना है कि छोटे बच्चों के साथ इस तरह की मारपीट न केवल गलत है, बल्कि उनके मन में डर और असुरक्षा भी पैदा करती है। घटना पर स्कूल प्रशासन की प्रतिक्रिया जानने के लिए  फोन संपर्क किया तो स्कूल प्रबंधन से संपर्क नहीं हो सका। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि बच्चे को मारना पूरी तरह गलत है। यदि परिवार की ओर से शिकायत मिलती है तो संबंधित स्कूल और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।