होशियारपुर- पंजाब में शिक्षा क्रांति अभियान के तहत विधायक ब्रह्म शंकर जिम्पा ने आज होशियारपुर विधानसभा क्षेत्र के तीन सरकारी स्कूलों में 41 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने सरकारी एलीमेंट्री स्कूल पिपलावाला, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पिपलावाला और सरकारी एलीमेंट्री स्कूल बुलानवाड़ी में नए क्लासरूम और अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन किया। 
विधायक जिम्पा ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार ने शिक्षा के लिए 18 हजार करोड़ रुपये का बजट रखा है, जो दर्शाता है कि सरकार शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता देने के लिए कितनी गंभीर है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से न केवल विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा, बल्कि शिक्षकों को भी अपनी जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाने में मदद मिलेगी। 
विधायक ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों से समाज के हर वर्ग को लाभ मिलेगा और इससे राज्य के समग्र विकास में योगदान मिलेगा। ब्रह्म शंकर जिम्पा ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा क्षेत्र में सुधारों के लिए हर संभव कदम उठाएगी और राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि यह तो अभी शुरुआत है और आने वाले समय में बड़े कदम उठाए जाएंगे।