करनाल, 23 मई:- हरियाणा के पानीपत में एक नाबालिग लड़की को साथ लेकर घूम रहे युवक की लड़की के परिजनों ने बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी। घटना जीटी रोड पर हुई, जहां परिजनों ने युवक को घेर लिया और लड़की के सामने ही उस पर थप्पड़ों और घूंसों की बरसात कर दी। इस दौरान नाबालिग लगातार रोती रही और युवक को बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन गुस्साए परिजन नहीं माने। हाईवे पर हंगामा बढ़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार, करनाल के घरौंडा थाना क्षेत्र की 15 वर्षीय लड़की का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिजनों का कहना है कि युवक गांव में गन्ना खरीदने आता था, इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई और बाद में मामला प्रेम संबंध तक पहुंच गया। करीब 6 महीने पहले युवक लड़की को अपने साथ ले गया था। लड़की के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी और तभी से पुलिस व परिवार दोनों उनकी तलाश में जुटे थे।
बताया जा रहा है कि दोनों पिछले छह महीने से साथ रह रहे थे। लड़की की मां के अनुसार, इस दौरान दोनों ने किसी मंदिर में शादी भी कर ली थी। कुछ दिन पहले लड़की ने अपनी मां को इंस्टाग्राम के जरिए कॉल की और संपर्क किया। इसके बाद परिवार ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने परिजनों को लड़की से संपर्क बनाए रखने की सलाह दी।
इसके बाद लड़की ने परिवार से मिलने की इच्छा जताई, जिस पर परिजनों ने उसे पानीपत बुला लिया। लड़की के साथ युवक भी मौजूद था। जैसे ही परिजनों ने लड़की को अपने साथ ले जाने की कोशिश की, लड़की ने विरोध करना शुरू कर दिया। इसी बीच युवक और परिजनों के बीच बहस हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्साए परिजनों ने युवक को सड़क पर गिराकर पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान युवक की आंख के ऊपर चोट भी आई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर पानीपत पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
युवक का कहना है कि लड़की अपनी मर्जी से उसके साथ गई थी और उसने कई बार उसे वापस जाने के लिए कहा था, लेकिन वह नहीं मानी। युवक ने दावा किया कि दोनों ने अपनी इच्छा से मंदिर में शादी की थी।
वहीं, घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि लड़की को उसके परिजन अपने साथ ले गए हैं, जबकि युवक को पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ लाई है। लड़की के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।