करनाल, 7अक्टूबर: हरियाणा के करनाल में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। अमेरिका की नागरिकता (पीआर) दिलाने का झांसा देकर एक परिवार से करीब 2.35 करोड़ रुपये की ठगी की गई। इस धोखाधड़ी के सदमे में परिवार की एक महिला की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
*2016 में बना था भरोसे का रिश्ता
जानकारी के मुताबिक, करनाल निवासी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2016 में योगेश, उसकी पत्नी और भाई उनके घर किराए पर रहते थे। इस दौरान दोनों परिवारों के बीच नजदीकी बढ़ी और योगेश अक्सर पैसों की जरूरत होने पर गुरविंद्र के परिवार से उधार लेता था।
*अमेरिका भेजने का सपना दिखाकर ठगा परिवार
कुछ समय बाद योगेश ने गुरविंद्र के परिवार को भरोसा दिलाया कि उसके अमेरिका में जानकार हैं और वह उन्हें वहां की स्थायी नागरिकता दिला सकता है। उसने कहा कि इसके लिए करीब 3 करोड़ रुपये खर्च आएंगे। परिवार उसके झांसे में आ गया और वर्ष 2018 से धीरे-धीरे उसे पैसे देने शुरू कर दिए।
*2.35 करोड़ रुपये और नकली सोना
आरोप है कि अब तक योगेश ने परिवार से 2.35 करोड़ रुपये ले लिए, जिनमें से 1.90 करोड़ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे। जब गुरविंद्र सिंह ने नागरिकता के बारे में जानकारी मांगी तो योगेश टालमटोल करने लगा। रुपये वापस मांगने पर उसने 800 ग्राम सोने के गहने दिए, जो बाद में नकली निकले।
*धोखाधड़ी के सदमे में गई जान
इस बड़े आर्थिक नुकसान और धोखाधड़ी के सदमे में गुरविंद्र की पत्नी हरप्रीत कौर गहरे तनाव में चली गईं। बताया जा रहा है कि मानसिक तनाव के चलते उनकी तबीयत बिगड़ती गई और आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।
*पोस्टमार्टम आज होगा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। महिला की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा है।
*पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी योगेश की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
.webp)