ऊना, 22 मार्च (नारायण प्रभाकर):- सर्वजन संरक्षण समिति इकाई ऊना द्वारा महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के शहीदी दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन शहर के एक निजी होटल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों को भगत सिंह के आदर्शों, त्याग और देशभक्ति की भावना से प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में जिला कन्वीनर राकेश चौधरी और डॉक्टर राजीव मेजर के नेतृत्व में अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी उपस्थितजनों ने भगत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अक्ष रंग मंच समराला, पंजाब द्वारा प्रस्तुत नाटक रहा, जिसमें भगत सिंह के जीवन, उनके क्रांतिकारी विचारों एवं देश के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को अत्यंत प्रभावशाली एवं जीवंत रूप में मंचित किया गया। नाटक के माध्यम से दर्शाया गया कि किस प्रकार उन्होंने कम आयु में ही देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर इतिहास में अमर स्थान प्राप्त किया। कलाकारों के सशक्त अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
इस अवसर पर डॉक्टर राजीव मेजर ने अपने संबोधन में कहा कि भगत सिंह केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जो आज भी युवाओं को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए कार्य करने का संकल्प लिया तथा शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने की बात कही। यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम बना, बल्कि समाज में राष्ट्रप्रेम एवं जागरूकता का संदेश भी प्रसारित करने में सफल रहा।
इस अवसर पर अधिवक्ता विजय नायर, वृज राणा, पंकज शर्मा, अधिवक्ता सुनील चौलिया, अधिवक्ता अनूप केसरी, संजीव गुप्ता, आकाश राणा, हरीश, अधिवक्ता अर्श कुमार, निकेत कुमार तथा महर्षि वाल्मीकि गुरु रविदास यूथ एकता महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अमित वाल्मीकि, ईशात धुग्गा सहित अन्य सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
शहीदएआज़म भगत सिंह के शहीदी दिवस पर ऊना में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
