रतिया, 10 अक्तूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- ह्यूमन हेल्पिंग हार्ट्स एसोसिएशन की रतिया शाखा द्वारा आज नजदीकी गांव नंगल ढाणी स्थित ग्रीन वैली कॉन्वेंट स्कूल में एक विशाल मेडिकल चेकअप कैंप लगाया गया। कैंप में उपस्थित बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट अशोक चोपड़ा ने कहा कि स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य के लिए किया गया यह प्रयास बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बचपन में ही बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच होती रहे, तो गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। संस्था द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले सामाजिक कार्यों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि संस्था पूरे भारतवर्ष के साथ-साथ भूटान, नेपाल, श्रीलंका आदि देशों में भी समाज कल्याण के कार्य कर रही है।
संस्था की महिला विंग की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अंजू मेहता ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में संस्था से जुड़कर मानवता की भलाई के कार्यों में योगदान दें और अपने जीवन को सार्थक बनाएं।
इस कैंप में लगभग 400 छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। उन्हें उचित परामर्श के साथ-साथ आवश्यक दवाइयां भी निशुल्क प्रदान की गईं।
कैंप में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सबीना जैन, स्त्री रोग एवं त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. हरसिमरन कौर थिंद तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. शेखावत सरदाना ने अपनी सेवाएं दीं और बच्चों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया। कैंप में संस्था की रतिया शाखा के अध्यक्ष कृष्ण सुनेजा, जीवन रहेजा, दीपक मित्तल, रवि कुमार और वरुण अरोड़ा सहित स्कूल स्टाफ तथा प्रबंधन के सदस्य उपस्थित रहे।
