करनाल, 26 अक्तूबर: करनाल में शनिवार देर रात एक मामूली कहासुनी ने खून से सनी वारदात का रूप ले लिया। गांव लालुपुरा के रहने वाले नरेंद्र की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वो अपने दो दोस्तों के साथ सिर्फ खाना खाने ढाबे पर गया था लेकिन लौटकर आई तो सिर्फ उसकी लाश।
शनिवार की रात करीब आठ बजे नरेंद्र ने घर में पिता वेदपाल से कहा  कि थोड़ी देर में लौट आऊँगा, बस दोस्तों संग खाना खाने जा रहा हूँ। लेकिन तक़दीर को कुछ और ही मंज़ूर था। रात करीब एक बजे अस्पताल से फोन आया, और परिवार के पैरों तले ज़मीन खिसक गई।

ढाबे पर भिड़ंत, और फिर चलीं चाकू की वारें:
जानकारी के अनुसार, नरेंद्र अपने दोस्तों शिवम और रोबिन उर्फ बंटी के साथ बाइक से राजेंद्र ढाबे पहुंचा था। वहाँ पहले से मौजूद तीन अज्ञात युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
बात इतनी बढ़ी कि तीनों हमलावरों ने चाकू निकाल लिए और नरेंद्र पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। शिवम और बंटी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वे भी ज़ख्मी हो गए। हमलावर ब्लैक कलर की स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर पानीपत की ओर फरार हो गए।

पुलिस और सीआईए टीम मौके पर :
घरौंडा थाना पुलिस को सरकारी अस्पताल से युवक की मौत की सूचना मिली। टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि दोस्तों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में तीन अज्ञात युवकों के शामिल होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस अब ढाबे और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हत्यारों की पहचान हो सके।

 “हमारा बेटा किसी से झगड़ा नहीं करता था”:
मृतक के पिता वेदपाल का कहना है, नरेंद्र मेहनती लड़का था। बाइक रिपेयरिंग का काम करता था। कभी किसी से झगड़ा नहीं किया। समझ नहीं आ रहा कि क्या बात हुई कि उसकी जान ले ली गई।

जांच जारी, जल्द गिरफ्तारी का दावा:
 पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। सीआईए और पुलिस की टीमें कई जगह दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही तीनों हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।