हांसी:– राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। वहीं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए एसडीएम राजेश खोथ को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने ये जानकारी जिला सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को दी। बैठक के दौरान उन्होंने सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए अभियान को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सफल बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 150 वर्ष ‘वंदे मातरम्’ थीम पर आधारित रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को और अधिक मजबूत करना है। साथ ही देश के विभाजन के दौरान प्रभावित लाखों लोगों के संघर्ष, बलिदान एवं पीड़ा से नई पीढ़ी को परिचित कराना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर सभी सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, नगर निकायों, पंचायतों, स्वयंसेवी संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से तिरंगा यात्राएं, बाइक, साइकिल एवं ई-बाइक रैलियां, तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिताएं, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान तथा विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सभी कार्यक्रमों की नियमित निगरानी डीसी राहुल नरवाल द्वारा की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के दौरान प्रमुख सरकारी भवनों, अस्पतालों, विद्यालयों, पुलों, प्रमुख चौकों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा रोशनी एवं आकर्षक सजावट से अलंकृत किया जाएगा। जिला, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर तिरंगा एवं ‘वंदे मातरम्’ विषय पर प्रदर्शनियां आयोजित होंगी तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। तिरंगा यात्राओं के दौरान सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जिले के प्रमुख स्थानों पर विशेष सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। नागरिकों को हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा।
डीसी ने बताया कि ‘वंदे मातरम्’ थीम पर विशाल तिरंगा रंगोलियां बनाई जाएंगी, जिनमें स्थानीय कलाकारों, महिला एवं बाल विकास विभाग, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा विभिन्न सरकारी विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बीपीएल परिवारों को तिरंगे उपलब्ध कराए जाएंगे तथा अन्य नागरिकों के लिए स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय विक्रेताओं के माध्यम से तिरंगा बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे। सभी राष्ट्रीय ध्वज फ्लैग कोड ऑफ इंडिया के अनुरूप होंगे।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर व्याख्यान, परिचर्चा, प्रदर्शनी, वृत्तचित्र प्रदर्शन, नाट्य प्रस्तुतियां, अनुभव साझा कार्यक्रम, श्रद्धांजलि सभाएं तथा जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यालयों, महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को विभाजन के इतिहास तथा उसके मानवीय पक्ष से अवगत कराया जाएगा। साथ ही उन्हें एक अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।
बैठक में सीटीएम हिमांशु चौहान, सीएमजीजीए प्रतीक्षा सांगवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
