हांसी (दिनकर गावड़ी):- जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपनी कला एवं कौशल प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 27 से 31 अक्टूबर तक प्रथम जिला स्तरीय बाल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे।

महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में समाजसेवियों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, विभिन्न प्रतियोगिताओं, विद्यालयों की सहभागिता तथा प्रायोजन एवं आर्थिक सहयोग जुटाने के संबंध में चर्चा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि बाल महोत्सव बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने समाजसेवियों से आयोजन में सहयोग देने तथा सरकारी एवं निजी विद्यालयों के मुखियाओं और अध्यापकों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

पांच दिवसीय महोत्सव में समूह एवं एकल नृत्य, समूह एवं एकल गायन, चित्रकला, रंगोली, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं के आयोजन की योजना है। प्रतियोगिताओं की अंतिम सूची एवं विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित आयोजन योजना के अनुसार रहेगा।

जिला बाल कल्याण अधिकारी ओम प्रकाश ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में विशेष प्रतिभा होती है, जिसे उचित अवसर और प्रोत्साहन के माध्यम से निखारा जा सकता है। उन्होंने समाजसेवियों, सामाजिक संस्थाओं और गणमान्य नागरिकों से महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।

बैठक में सतपाल खांडेवाला, विनय जैन, राजपाल, जगदीश मित्तल, मनजीत, सुरेश बंसल, एडवोकेट दिनेश, सतपाल बंसल, मोनिका, धर्मवीर और अमरजीत सहित अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे।