हिसार:– पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पुलिस जिला हांसी में नशे के विरुद्ध एक विशेष सर्च अभियान चलाया गया। इस अभियान में पुलिस की विभिन्न टीमें व डॉग स्क्वॉड टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।
अभियान के दौरान थाना हांसी शहर, सदर हांसी, बास, नारनौंद सहित पुलिस जिला के विभिन्न ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों, ढाबों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, पार्कों, सुनसान गलियों तथा खाली पड़े खंडहर स्थानों पर विशेष चेकिंग की गई। पुलिस कर्मियों ने संभावित ठिकानों की तलाशी ली, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और वाहनों की गहन जांच की।
अभियान का उद्देश्य नशा तस्करों को पकड़ना, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसना तथा आमजन में विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना रहा। पुलिस की इस कार्यवाही से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों में भय का वातावरण उत्पन्न हुआ है तथा आम जनता ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया।
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने बताया कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सर्च अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन को जागरूक करते हुए संदेश दिया कि नशे की लत व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों को तबाह कर देती है। सभी से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
हांसी पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।