हांसी- हांसी के नागरिक अस्पताल परिसर को सुंदर, स्वच्छ एवं हरियाली युक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। उपायुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि नागरिक अस्पताल परिसर में नौ छोटे-बड़े पार्क विकसित किए जाएंगे, जिनके लिए लोक निर्माण विभाग की बागवानी शाखा द्वारा लगभग 20 लाख रुपये की राशि का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव को संबंधित अधिकारियों के माध्यम से स्वीकृति के लिए भेजा गया है तथा अनुमति प्राप्त होते ही पार्क निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि अस्पताल परिसर में लगभग 3000 वर्ग मीटर क्षेत्र को पार्क विकसित करने के लिए चिन्हित किया गया है। इस योजना के अंतर्गत अस्पताल परिसर में विभिन्न स्थानों पर नौ आकर्षक पार्क विकसित किए जाएंगे, जिससे अस्पताल का वातावरण स्वच्छ, सुंदर एवं सकारात्मक बनेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा स्वास्थ्य कर्मियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि इन पार्कों में उच्च गुणवत्ता की हरी घास लगाई जाएगी तथा विभिन्न प्रकार के सजावटी पौधे, फूलों की क्यारियां, गमले और बेलें विकसित की जाएंगी। पार्कों की सुंदरता बढ़ाने के लिए रंग-बिरंगे मौसमी फूलों एवं छायादार पौधों को भी लगाया जाएगा ताकि अस्पताल परिसर में प्राकृतिक वातावरण तैयार हो सके।
डीसी ने बताया कि पार्कों की नियमित देखरेख और सिंचाई व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नागरिक अस्पताल परिसर में एक ट्यूबवेल लगाने का भी प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके साथ ही पर्याप्त लंबाई की पाइपलाइन बिछाई जाएगी ताकि सभी पार्कों तक सुचारू रूप से पानी पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य अस्पताल आने वाले लोगों को स्वच्छ एवं मानसिक रूप से सकारात्मक वातावरण उपलब्ध करवाना भी है। हरियाली एवं फूलों से सुसज्जित वातावरण मरीजों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है तथा अस्पताल परिसर की समग्र छवि को बेहतर बनाता है।
डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि पार्क निर्माण संबंधी प्रस्ताव फिलहाल लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। इसके उपरांत यह प्रस्ताव सिविल सर्जन हिसार के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। जैसे ही प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त होगी, पार्कों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तुरंत शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हांसी शहर में सार्वजनिक संस्थानों को स्वच्छ, हरित एवं आधुनिक स्वरूप देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और नागरिक अस्पताल में बनने वाले ये पार्क इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होंगे।