सुनाम, 3 अक्तूबर:- श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित समागमों की श्रृंखला के तहत पंजाब सरकार द्वारा आज शहीद ऊधम सिंह कॉलेज, सुनाम में गुरु साहिब के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित ड्रोन शो करवाया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने संगत के रूप में हाजिरी भरी। ड्रोन के माध्यम से आसमान पर उकेरी गईं रोशन आकृतियों ने गुरु साहिब की बाणी, जीवन-दर्शन और सर्व-साझीवालता के संदेश को साकार करते हुए आधुनिक तकनीक और आध्यात्मिक विरासत का सुंदर मेल प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने मानवता को समानता, प्रेम, मेहनत और आपसी भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनकी बाणी जात-पात और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर हर इंसान के मान-सम्मान की रक्षा करने की प्रेरणा देती है।

अमन अरोड़ा ने कहा कि गुरु साहिब द्वारा दर्शाया गया ‘बेगमपुरा’ का संकल्प ऐसे समाज के निर्माण के लिए मार्गदर्शन करता है, जहां हर व्यक्ति बिना किसी डर या भेदभाव के सम्मान के साथ जीवन व्यतीत कर सके। उन्होंने कहा कि इन शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना गुरु साहिब के प्रति सच्ची श्रद्धा की अभिव्यक्ति है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ड्रोन शो जैसी अनूठी प्रस्तुतियां नई पीढ़ी को महान आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आसमान पर उभरती रोशन आकृतियों के माध्यम से गुरु साहिब के जीवन और विचारधारा की प्रस्तुति बच्चों और युवाओं में उनकी बाणी और शिक्षाओं के बारे में जानने की रुचि बढ़ाती है।

इस अवसर पर भाई जोगिंदर सिंह लुधियाने वालों के कीर्तनी जत्थे ने रस-भीने कीर्तन से संगत को निहाल किया।

अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब की धरती सांझीवाली, सेवा और भाईचारे की एकता का प्रतीक है। पंजाब सरकार द्वारा करवाए जा रहे इन समागमों का उद्देश्य इस विरासत को संजोना और मानवता के प्रति प्रेम तथा समानता के गुरु साहिब के संदेश को लोक-चेतना का हिस्सा बनाना है।

कैबिनेट मंत्री ने संगत से अपील की कि वे गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए समाज में आपसी सम्मान, सहयोग और सद्भावना को और मजबूत करें।

उन्होंने कहा कि हर इंसान को समान सम्मान देना, जरूरतमंदों की मदद करना और सामाजिक भेदभाव को दूर करने के लिए प्रयास करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।