नवांशहर (देस राज बाली):- गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को समर्पित गुरु नानक मिशन सेवा सोसायटी, नवांशहर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय महान कीर्तन दरबार का समापन गुरु चरणों में सर्वजन के कल्याण की अरदास और वाहेगुरु के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हुआ। तीन दिवसीय समागम के अंतिम दिन गुरु साहिब के पावन स्वरूप को सुंदर ढंग से सजाई गई पालकी साहिब में पंच प्यारों के नेतृत्व में नगर कीर्तन के रूप में लाया गया। इसके बाद भाई नवदीप सिंह कटारियां वालों के कीर्तनी जत्थे ने गुरबाणी कीर्तन से समागम की शुरुआत की। भाई अमरीक सिंह चंडीगढ़ वालों ने कथा-विचारों के माध्यम से गुरमत जीवनशैली का संदेश दिया, जबकि भाई चरणजीत सिंह हीरा ने अपनी अनूठी शैली में अमृतमयी गुरबाणी का कीर्तन करके संगत को गुरु चरणों से जोड़ा।
इस अवसर पर सोसायटी ने एक नई और अनूठी पहल करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निस्वार्थ योगदान देने वाले डॉ. कुलवीर सिंह पुरेवाल को ‘गुरु नानक मिशन अवार्ड’ से सम्मानित किया।
समागम का विशेष आकर्षण सिख पंथ के प्रसिद्ध कथावाचक ज्ञानी पिंदरपाल सिंह जी के गुरमत विचार रहे। उन्होंने गुरु साहिब की वाणी के संदर्भ में मानव जीवन में नाम सिमरन, विनम्रता, सेवा, परोपकार और आपसी प्रेम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की विचारधारा हमें ईमानदारी से मेहनत करने, नाम जपने और मिल-बांटकर खाने का मार्ग दिखाती है। गुरुघर में आने का वास्तविक उद्देश्य केवल माथा टेकना ही नहीं, बल्कि गुरमत की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाना और जरूरतमंदों की सेवा के लिए कार्य करना है।
इसके बाद भाई अनंतवीर सिंह लॉस एंजिल्स वालों ने देर रात तक अपनी मधुर कीर्तन सेवा के माध्यम से संगत को आध्यात्मिक रस से सराबोर किया। संगत गुरबाणी कीर्तन का आनंद लेते हुए गुरु चरणों से जुड़ी रही। उस दिन आयोजित अमृत संचार के दौरान 31 प्राणियों ने अमृत छका, जिन्हें कीर्तन दरबार के दौरान सम्मानित भी किया गया।
समागम के समापन पर सर्वजन के कल्याण की अरदास और श्री मुखवाक की सेवा सचखंड श्री दरबार साहिब के अरदासिए सिंह भाई सरवन सिंह जी ने निभाई। इस अवसर पर सोसायटी की ओर से कीर्तनी जत्थों, कथावाचकों के अलावा बाबा सतनाम सिंह जी किला आनंदगढ़ साहिब, पंच प्यारों और दरबार साहिब से आए अरदासिए सिंह सरवन सिंह जी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सोसायटी के मुख्य संरक्षक भाई सरबजीत सिंह लुधियाने वाले और मुख्य सेवादार सुरजीत सिंह ने समस्त संगत, रागी जत्थों, कथावाचकों, संत-महापुरुषों, सेवादारों और सहयोगियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह समागम किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं, बल्कि संगत के सहयोग, सेवादारों की निस्वार्थ सेवा और गुरु साहिब की अपार बख्शिश का सामूहिक प्रतीक है।
इस अवसर पर दूर-दराज से पहुंची संगत में संत बाबा नछत्तर सिंह, जत्थेदार महिंदर सिंह हुसैनपुर, जत्थेदार गुरबख्श सिंह खालसा, नछत्तर पाल विधायक, पूर्व विधायक अंगद सिंह, हेमंत कुमार बॉबी, गुरप्रीत कौर थियाड़ा, गुरु नानक अस्पताल ढाहां के प्रधान कुलविंदर सिंह, जसपाल सिंह जाडली, तरनजीत सिंह थांदी, भाई जोगा सिंह ढाहां, गुरचरण अरोड़ा, सुखदेव सिंह मान राहों, बलवीर सिंह अलीपुर, दीदार सिंह अलीपुर, रमनदीप सिंह थियाड़ा, अमृतसरी स्वीट्स के सतपाल सिंह, तरलोक सिंह गढ़शंकर, प्रभजोत सिंह भारटा, सुखविंदर सिंह गोबिंदपुर, हरजिंदर सिंह अटारी, तरलोक सिंह फ्लोरा, कुलजिंदरजीत सिंह सोढ़ी, दिलबाग सिंह राहों, गुरुद्वारा मेहंदीपुर के प्रधान जगतार सिंह, गढ़ पधाणा के सरपंच हरदीप सिंह, जब्बोवाल के पूर्व सरपंच रछपाल सिंह, रामराय पुर की सरपंच गुरजीत कौर, सुरिंदर सिंह सोइता, गुरदेव सिंह गहूंण, कुलविंदर सिंह भीन, बलवीर सिंह सोना, सुच्चा सिंह बरनाला, आईटीओ चकदाना के रविंदर सिंह, डॉ. हरविंदर सिंह, उत्तम सिंह सेठी, दीदार सिंह गहूंण, जगजीत सिंह सैनी, कैशियर जगदीप सिंह, मनमोहन सिंह कंवल, राजिंदर सिंह कंगारू, बलविंदर सिंह उसमानपुर और दिलबाग सिंह उसमानपुर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की संगत शामिल रही।
