हरोली/ऊना, 14 जून (राजवीर चोपड़ा):- गांव बाथू के होनहार युवा लेफ्टिनेंट शुभम सिंह राणा, सुपुत्र कुशल सिंह राणा, के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होने की खुशी में रविवार को गुरपलाह चौक, बाथू में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, रिश्तेदारों, मित्रों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शुभम सिंह राणा का गर्मजोशी से स्वागत किया।
समारोह के दौरान लेफ्टिनेंट शुभम सिंह राणा को फूल-मालाएं पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनकी इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि शुभम सिंह राणा ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय सेना में अधिकारी बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने युवाओं को देश सेवा और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने लेफ्टिनेंट शुभम सिंह राणा को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और भारतीय सेना में उनकी सफल एवं गौरवपूर्ण सेवाओं की कामना की। पूरे कार्यक्रम का माहौल देशभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा तथा लोगों ने अपने इस होनहार सपूत की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
