संतोषगढ़/ऊना, 23 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- नया नंगल स्थित एनएफएल स्टेडियम में आयोजित स्वदेशी मेले का समापन समारोह बड़े ही भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान प्रसिद्ध गायिका ममता जोशी ने अपनी मधुर प्रस्तुति से समां बांध दिया और उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की शहादत को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज से नशे जैसी बुराई को खत्म करने के लिए आगे आने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने युवाओं को महान क्रांतिकारियों के आदर्शों पर चलकर देशहित में कार्य करने की प्रेरणा दी।
स्वदेशी मेले के साथ आयोजित धर्म सम्मेलन में धर्म परिवर्तन, जनसंख्या में बदलाव और परिवार प्रबोधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
मेले में खाने-पीने के विभिन्न स्टॉल, स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी, बच्चों के लिए झूले और अन्य मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र बने रहे।
इस आयोजन की अगुवाई पंजाब भाजपा के उपप्रधान डॉ. सुभाष शर्मा द्वारा की गई, जिसमें कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने भी भाग लिया। इसके अलावा पंजाब के प्रसिद्ध गायक-गायिकाओं और संत समाज की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक सांस्कृतिक और भक्तिमय रंग प्रदान किया।
स्वदेशी मेले में प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे थे, जिससे यह आयोजन क्षेत्र में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।