मोहाली- शिरोमणि अकाली दल हलका मोहाली के मुख्य सेवादार परविंदर सिंह सुहाना ने आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा मोहाली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शहीदे आजम भगत सिंह की प्रतिमा के उद्घाटन की सराहना की है, लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि शहीदे आजम की प्रतिमा का उद्घाटन करने से इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्देश्य पूरा नहीं होता। उन्होंने कहा कि शहीदे आजम भगत सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि इस हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करना होगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती पर बनने वाले इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए मोहाली हलके के किसानों की जमीन अधिगृहीत की गई थी और पंजाब के लोग बहुत उत्सुक थे कि अब यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होंगी और उन्हें दिल्ली तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी, जिसके लिए अतिरिक्त पैसा और समय दोनों बर्बाद होता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जानबूझकर यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू नहीं होने दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यहां से कनाडा, अमेरिका, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और यूरोप के लिए उड़ानें शुरू करने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाना चाहिए ताकि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के समूचे क्षेत्र को इसका लाभ मिल सके।