ऊना, 17 अक्तूबर:- उपमंडल गगरेट के तहत घनारी गांव में चंगा बस्ती सड़क मार्ग (किलोमीटर 0/0 से 2/0) 18 अक्तूबर से 17 नवंबर तक 30 दिनों के लिए यातायात हेतु अस्थायी रूप से बंद रहेगा। इस दौरान यातायात घनारी-नंगल जरियालां रोड से होकर डायवर्ट किया जाएगा।
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने इस संबंध में मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 और 116 के तहत आदेश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि संबंधित सड़क मार्ग पर आवश्यक निर्माण कार्य को तेजी से और सुचारू रूप से पूरा करवाने के उद्देश्य से ये आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क बंद होने के संबंध में जनता को सूचित करने तथा यातायात के वैकल्पिक मार्ग की जानकारी देने के लिए पहले से सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।
