चंडीगढ़, 28 अक्टूबर:- हरियाणा सरकार के बागवानी विभाग के अधीन उद्यान प्रशिक्षण संस्थान, उचानी (करनाल) द्वारा नवंबर महीने में विभिन्न विषयों पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि किसान वैज्ञानिक तरीकों से खेती करके अपनी आय बढ़ा सकें। राज्य के सभी जिलों के इच्छुक प्रशिक्षु बागवानी विभाग की वेबसाइट http://kaushal.hortharyana.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बागवानी विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना अनिवार्य है। प्रशिक्षुओं का चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंजीकृत प्रशिक्षुओं को अपने साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पैन कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क रहेगी तथा उन्हें बस का किराया प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से दिया जाएगा। यह भी स्पष्ट किया गया है कि जो प्रशिक्षु पहले इन विषयों पर प्रशिक्षण ले चुके हैं, वे उसी विषय के लिए दोबारा पंजीकरण न करवाएं।
नवंबर महीने में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि 2 से 6 नवंबर, 2026 तक दो कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘फल एवं सब्जियों के प्रसंस्करण, परिरक्षण और मूल्य संवर्धन संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम’ (अवधि: 5 दिन, सीटें: 40) तथा ‘एचएचएचएन नियम-2026 के अनुसार नर्सरी प्रबंधन’ (अवधि: 5 दिन, सीटें: 20) शामिल हैं। इनके लिए पंजीकरण 27 अक्टूबर, 2026 को सुबह 10:00 बजे से 1 नवंबर, 2026 को शाम 5:00 बजे तक किया जा सकता है।
इसके बाद, 23 से 27 नवंबर, 2026 तक ‘सब्जियों और फूलों की संरक्षित खेती तथा पॉलीहाउस के रखरखाव संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम’ (अवधि: 5 दिन, सीटें: 40) आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 27 अक्टूबर, 2026 को सुबह 10:00 बजे से 22 नवंबर, 2026 को शाम 5:00 बजे तक पंजीकरण कराया जा सकता है।
इसी प्रकार, 30 नवंबर से 4 दिसंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले ‘फल उत्पादन तकनीकों संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम’ (अवधि: 5 दिन, सीटें: 40) के लिए 27 अक्टूबर से 22 नवंबर, 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है। वहीं, ‘एचएचएचएन नियम-2026 के अनुसार नर्सरी प्रबंधन’ कार्यक्रम (अवधि: 5 दिन, सीटें: 20) के लिए 16 नवंबर, 2026 को सुबह 10:00 बजे से 29 नवंबर, 2026 को शाम 5:00 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा सकता है।
प्रवक्ता ने यह भी बताया कि प्रशिक्षु अपने संबंधित जिला बागवानी अधिकारी, बागवानी विकास अधिकारी अथवा उद्यान प्रशिक्षण संस्थान, उचानी, करनाल में कार्यदिवसों के दौरान सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक पंजीकरण करवा सकते हैं। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8570077877 और टोल-फ्री नंबर 18001802021 पर संपर्क किया जा सकता है।
