वावरे/बेल्जियम:- बेल्जियम में एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप का खिताब जर्मनी ने जीत लिया है। फाइनल मुकाबले में पिछली चैंपियन जर्मनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन को 1-0 से हरा दिया। मैच का निर्णायक गोल 44वें मिनट में जर्मनी के माइकल स्ट्रुटफ ने किया। इस जीत के साथ जर्मनी ने चौथी बार एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया है और पाकिस्तान के चार खिताबों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
इससे पहले जर्मनी 2002, 2006 और 2023 में भी विश्व कप जीत चुका है। जबकि स्पेन 1998 के बाद पहली बार और कुल तीसरी बार फाइनल में पहुंचा था, लेकिन खिताब जीतने का उसका सपना अधूरा रह गया। मैच के दौरान स्पेन ने बराबरी करने के लिए पूरी कोशिश की और कोच ने आखिरी मिनटों में गोलकीपर को भी हटा दिया, लेकिन जर्मन डिफेंस ने कोई मौका नहीं दिया।
इस टूर्नामेंट के अन्य मुकाबलों, खासकर कांस्य पदक के लिए हुए रोमांचक मुकाबले में अर्जेंटीना ने सह-मेजबान नीदरलैंड को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। अर्जेंटीना के लिए कप्तान मथियास रेय ने 59वें मिनट में गोल दागा। सेमीफाइनल मैच में स्पेन ने नीदरलैंड्स को 4-3 से हराया था, जबकि जर्मनी ने अर्जेंटीना को 2-1 से मात दी थी।
महिला वर्ग: महिला वर्ग के फाइनल में अर्जेंटीना ने नीदरलैंड्स की लगातार तीन बार की विजेता लय को खत्म करते हुए खिताब अपने नाम किया था।
एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप स्पेन को हराकर जर्मनी ने चौथी बार जीता विश्व कप
