साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 28 अक्टूबर, 2026:- अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास) अनमोल सिंह धालीवाल ने त्योहारों के मद्देनज़र शहरों में साफ-सफाई के उचित प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकारी अधिकारियों, मुख्य सेनेटरी निरीक्षकों और सेनेटरी निरीक्षकों के साथ बैठक कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को 10 नवंबर, 2026 तक विशेष सफाई अभियान चलाने तथा शहरों के सभी वार्डों, बाजारों और धार्मिक स्थलों में सफाई के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों की आवाजाही बढ़ने को देखते हुए शहरों की मुख्य सड़कों, बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित सफाई करवाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कचरे का समय पर उठान और उचित निपटान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कहीं भी कचरे के ढेर न लगें और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि बाजारों और मुख्य सड़कों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाए। जहां संभव हो, रात 11 बजे के बाद या सुबह 5 बजे से पहले सफाई करवाई जाए, ताकि यातायात और लोगों के रोजमर्रा के कामकाज में बाधा न आए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने नालियों और जल निकासी प्रणाली की सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि पानी की निकासी सुचारु बनाए रखी जाए। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और सफाई संबंधी लोगों की शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जिला प्रशासन द्वारा स्वीकृत पटाखों की दुकानों और बिक्री स्थलों के आसपास आग से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। इन स्थानों पर अग्निशमन वाहन की सुविधा, रेत, पानी और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखे जाएं तथा संबंधित विभागों के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक सावधानियां बरती जाएं।

अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि त्योहारों के दौरान शहरों में बेहतर सफाई व्यवस्था के साथ-साथ लोगों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुखद वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।