करनाल:-  करनाल रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के तत्वाधान में चल रहा किसानों का धरना शनिवार को 16वें दिन में प्रवेश कर गया। आंदोलनकारी किसान पूरी मजबूती के साथ धरनास्थल पर डटे हुए हैं। आज के धरने की अध्यक्षता रामकुमार जोगी ने की। धरने पर एकजुट किसानों ने एनएचएआई अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं। तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने को संबोधित करते हुए भाकियू के जिला प्रवक्ता सुरेंद्र सांगवान ने कहा कि एनएचएआई के अधिकारी लगातार किसानों की अनदेखी कर रहे हैं। 
उन्होंने कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी जायज मांग उठा रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद प्रशासन और एनएचएआई की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है, जिससे किसानों में भारी रोष है। सुरेंद्र सांगवान ने कहा कि यदि जल्द ही सर्विस लेन की मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। किसानों ने चेतावनी दी कि अब धैर्य की सीमा समाप्त होती जा रही है। 
इस मौके पर जसमेर बदरहण, चांदवीर बदरहण, सुरेश शर्मा, रामपाल शर्मा, दीपक बदरहण, रमेश शर्मा, दया सिंह काजल, बलबीर सिंह तेवतिया, जोगिंद्र सांगवान, पवन काजल, विक्रम शर्मा, प्रकाश देशवाल, बिट्टू बदरहण सहित अन्य किसान मौजूद रहे।