करनाल, 20 फरवरी:- करनाल रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग को लेकर चल रहा किसान आंदोलन लगातार मजबूती पकड़ता जा रहा है। धरनास्थल पर अब लंगर के साथ-साथ चाय-पानी की स्थायी व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है। जो लगातार जारी रहेगी। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि किसान लंबे आंदोलन के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। किसानों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती। तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में चल रहा यह धरना शुक्रवार को 15वें दिन में प्रवेश कर गया। आज मंगलौरा गांव के किसान बड़ी संख्या में धरनास्थल पर पहुंचे। धरने की अध्यक्षता रविन्द्र काला मंगलौरा ने की। धरने पर भाकियू के चेयरमैन साहब सिंह बाजवा विशेष तौर पर पहुंचे और आंदोलनकारी किसानों का हौसला बढ़ाया।
विकास खंड करनाल के उपाध्यक्ष रविंद्र काला मंगलौरा ने धरनास्थल पर मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग पूरी तरह जायज है और यह केवल कुछ किसानों या एक-दो गांवों की नहीं, बल्कि दर्जनों गांवों के लोगों से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा कि सर्विस लेन बनने से क्षेत्र के सभी लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। लेकिन इसके बावजूद एनएचएआई के अधिकारी किसानों की इस वाजिब मांग को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं।
रविंद्र काला मंगलौरा ने दो टूक शब्दों में कहा कि एनएचएआई के अधिकारी अडिय़ल रवैया अपनाए हुए हैं और पहले किए गए वादों से साफ तौर पर मुकर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह वादाखिलाफी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसान शांति से अपनी बात रख रहे हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसान कमजोर हैं। उन्होंने कहा कि धरना अब 15वें दिन में प्रवेश कर चुका है और किसानों ने यह साफ फैसला ले लिया है कि आंदोलन को और ज्यादा मजबूत किया जाएगा।
अगर जल्द ही किसानों के हक में कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को बड़े स्तर पर फैलाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों के धैर्य की परीक्षा न ली जाए। क्योंकि यह आंदोलन मजबूरी में किया जा रहा है और जरूरत पड़ी तो किसान आर-पार की लड़ाई लडऩे से भी पीछे नहीं हटेंगे।
**आगामी रणनीति पर होगा मंथन**
भाकियू प्रवक्ता सुरेंद्र सांगवान ने बताया कि ब्लॉक अध्यक्षों और जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को धरनास्थल पर आमंत्रित किया गया है। सभी पदाधिकारी सुबह 11 बजे धरने पर पहुंचेंगे और आगामी आंदोलन की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे।
किसानों की एकजुटता और धरनास्थल पर की गई व्यवस्थाओं से यह साफ हो गया है कि आंदोलन अब और लंबा खिंच सकता है। किसान पूरी तरह से संघर्ष के मूड में हैं और मांग पूरी होने तक आंदोलन को और तेज करने का ऐलान कर चुके हैं।
**ये रहे मौजूद**
इस अवसर पर भाकियू प्रदेश अध्यक्ष रतनमान, दीपक बदरहण सोहाना, बाबू राम शर्मा, मुनीष बदरहण, पवन मान, अमृत मान, ओम प्रकाश, वेदपाल, सुरेंद्र सांगवान, राजू सांगवान, महिंद्र सिंह मंढाण, सतीश कुमार रिंडल, जोगिंद्र सिंह शेखपुरा, भीम सिंह सांगवान, दीपक शर्मा, राज कुमार, कृष्णचंद नंबरदार, हवा सिंह, शक्ति सिंह, बलबीर तेवतिया, बलराम व रामकुमार सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।
