हांसी:– उपायुक्त राहुल नरवाल ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निशानदेही से संबंधित जितने भी आवेदन लंबित पड़े हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि भूमि विवादों और सीमांकन से जुड़े मामलों में निशानदेही की प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे मामलों के लंबित रहने से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और विवाद बढ़ने की संभावना भी बनी रहती है। इसलिए सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित राजस्व अधिकारी लंबित मामलों की समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा में उनका समाधान करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निशानदेही कार्य के दौरान पूरी पारदर्शिता बरती जाए तथा संबंधित पक्षों को समय पर सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने स्तर पर लंबित मामलों की सूची तैयार कर नियमित मॉनिटरिंग करें और प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें।
डीसी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाना है। इसके लिए राजस्व विभाग की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े कार्यों को संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता पर निपटाया जाए ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन मामलों में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा आ रही है, उन्हें तुरंत उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर समाधान करवाया जाए, ताकि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
