अहमदाबाद, 13 जून- अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया के विमान एआई 171 का 'ब्लैक बॉक्स' खोजने की कोशिशें जारी हैं। इसका विश्लेषण करने के बाद ही आपदा के कारणों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकेंगे। अहमदाबाद फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि मलबे में 'ब्लैक बॉक्स' की तलाश के लिए मेटल कटर जैसे विशेष उपकरणों के साथ एक टीम दुर्घटनास्थल पर तैनात की गई है।
पुलिस उपायुक्त (जोन 4) कानन देसाई ने बताया कि 'ब्लैक बॉक्स' खोजने का काम जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विमान का कोई डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर नहीं मिला है।
सूत्रों ने बताया कि बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल, जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, के सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें विमान के 'ब्लैक बॉक्स' का पता लगाने में मदद करने के लिए कहा गया है। 
डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर धुर्मित गांधी ने कहा, "हमारी टीम फोरेंसिक और नागरिक उड्डयन विशेषज्ञों की सहायता कर रही है।" 'ब्लैक बॉक्स' एक छोटा सा उपकरण है जो उड़ान के दौरान विमान के बारे में जानकारी रिकॉर्ड करता है। यह विमानन दुर्घटनाओं की जांच में मदद करता है।