चंडीगढ़, 3 जून, 2025 - पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान मंगलवार को एसएएस नगर जिले के डेरा बस्सी स्थित सहकारी समितियों के सहायक रजिस्ट्रार (एआर) कार्यालय में तैनात अधीक्षक गुरजाद सिंह को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, डेरा बस्सी के छछरोली गांव के निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद यह गिरफ्तारी की गई। शिकायतकर्ता ने 2012 में रानी माजरा बहुउद्देशीय कृषि सहकारी सेवा सोसायटी से 2 लाख रुपये का ऋण लिया था, लेकिन भुगतान नहीं कर पाया, जिससे उस पर 3,16,632 रुपये बकाया हो गए। इसके बाद, शिकायतकर्ता ने 10,000 रुपये की पूरी बकाया राशि चुका दी थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद भी आरोपी अधिकारी ने ए.आर. से मंजूरी लेने और जमीन को गिरवी से मुक्त करने के लिए 10,000 रुपए की मांग की थी। 
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद वीबी फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए आरोपी को उसके कार्यालय में रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। वीबी टीम ने आरोपी के कब्जे से मामले से संबंधित ए.आर. के हस्ताक्षर रहित टाइप किए गए आदेश भी बरामद किए हैं। 
उन्होंने बताया कि इस संबंध में भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एस.ए.एस. नगर स्थित वीबी पुलिस स्टेशन, फ्लाइंग स्क्वायड-1, पंजाब में मामला दर्ज किया गया है और इस मामले की आगे की जांच जारी है।