नवांशहर (देस राज बाली):- पंजाब विधानसभा के 13वें सत्र के दौरान नवांशहर से बहुजन समाज पार्टी के विधायक डॉ. नछत्तर पाल ने लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के समक्ष राहों से मत्तेवाड़ा सड़क की बेहद खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस सड़क से आने-जाने वाले आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके जवाब में लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ने बताया कि राहों–मत्तेवाड़ा सड़क की विशेष मरम्मत का काम वर्ष 2021 में किया गया था। अब यह सड़क दोबारा विशेष मरम्मत की आवश्यकता में है। इस सड़क से खनन से संबंधित भारी यातायात गुजरता है, जिसके कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। इसलिए सड़क का क्रस्ट डिजाइन तैयार करवाने के लिए पटियाला स्थित रिसर्च लैब के उप निदेशक से संपर्क किया गया था। सड़क के क्रस्ट डिजाइन और मौके पर आवश्यक रिटेनिंग दीवार को शामिल करते हुए 33 करोड़ 88 लाख रुपये का अनुमान तैयार किया गया है। धनराशि प्राप्त करने के लिए मामला भेज दिया गया है और फंड उपलब्ध होने पर विशेष मरम्मत का काम करवाया जाएगा।
इसके बाद विधायक डॉ. नछत्तर पाल ने लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ईटीओ से पूछा कि लगभग 12 किलोमीटर लंबी राहों–मत्तेवाड़ा सड़क की हालत बेहद खराब है। इस सड़क से राहों, नवांशहर, बलाचौर, गढ़शंकर और आसपास के गांवों सहित लगभग 50 गांवों के लोग सतलुज नदी पर बने पुल को पार करके लुधियाना जाते हैं। उन्होंने बताया कि बरनाला खुर्द और गढ़ी भारटा के पास कई जगह लगभग 10-10 फुट गहरे गड्ढे पड़ गए हैं और सड़क बुरी तरह टूट चुकी है। ताजपुर से सतलुज नदी तक भी गहरे गड्ढे मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सड़क टूटने का एक प्रमुख कारण खनन से संबंधित भारी यातायात भी है।
डॉ. नछत्तर पाल ने कहा कि उनके आग्रह पर पहले उड़ाापड़ से राहों–जाडला और माछीवाड़ा–नवांशहर सड़कों का निर्माण करवाया गया था। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री से अपील की कि इस सड़क का निर्माण भी जल्द से जल्द करवाया जाए, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जवाब देते हुए मंत्री ने विधायक की बात से सहमति जताई और कहा कि इस सड़क पर खनन से संबंधित बहुत भारी यातायात गुजरता है, जिसके कारण बड़ी संख्या में गड्ढे बन गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2021 में ही सड़क के लिए आवश्यक शोध करवाकर प्रयोगशाला से क्रस्ट डिजाइन तैयार करवा लिया जाता, तो उसी समय सड़क का निर्माण हो सकता था और आज यह समस्या उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने आश्वासन दिया कि अब सड़क का पूरा क्रस्ट डिजाइन तैयार करवाकर और रिटेनिंग दीवारों सहित इसका निर्माण करवाने की योजना बनाई जा रही है।
मंत्री ने आगे बताया कि बरनाला खुर्द और भारटा कलां के पास सड़क का हिस्सा विशेष रूप से समस्याग्रस्त है। इन दोनों गांवों के बीच पड़ने वाले लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र में सीसी सड़क बनाई जा रही है, ताकि इसे अधिक मजबूत और टिकाऊ बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क को पूरी मजबूती के साथ बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में खनन के भारी यातायात के कारण ऐसी समस्या दोबारा न आए। आवश्यक डिजाइन, रिसर्च टेस्टिंग और मंजूरियां मिलने के बाद सड़क का काम जल्द से जल्द पूरा कर दिया जाएगा।
