संतोषगढ़/ऊना, 6 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग और डॉ. बी.आर. अंबेडकर वेलफेयर सोसायटी संतोषगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में 14 अप्रैल को गुरु रविदास मंदिर संतोषगढ़ में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। यह जानकारी आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप धीमान ने दी।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जागरूकता शिविर तथा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देना तथा उनकी समस्याओं का समाधान करना है।
कुलदीप धीमान ने कहा कि आयोग प्रदेशभर में ऐसे शिविरों के माध्यम से वंचित वर्गों को उनके अधिकारों, सुविधाओं और अवसरों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस शिविर में भाग लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की।
आयोग के सदस्य डॉ. विजय डोगरा ने बताया कि इस प्रकार के शिविर समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा, सदस्य शालिनी जम्वाल, आयोग के सचिव विनय मोदी, उपमंडल अधिकारी ऊना अभिषेक मित्तल, डीएसपी ऊना अजय ठाकुर, जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित, तहसील कल्याण अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष बलराम महे, डॉ. बी.आर. अंबेडकर वेलफेयर सोसायटी संतोषगढ़ के प्रधान सुरेंद्र बस्सी, उपप्रधान सुलेन्द्र चोपड़ा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
संतोषगढ़ में 14 अप्रैल को धूमधाम से मनाई जाएगी डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती जागरूकता व स्वास्थ्य शिविर भी होंगे आयोजित
