एसएएस नगर:- अमर शहीद जत्थेदार बाबा हनुमान सिंह जी के शहीदी स्थल — गुरुद्वारा सिंह शहीदां — पर हिंद की चादर धन धन श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज का 405वाँ प्रकाश पुरब बड़ी श्रद्धा भावना के साथ मनाया गया। प्रकाश पुरब की खुशी में सुबह 9:00 बजे श्री अखंड पाठ साहिब जी का भोग पाया गया। इसके बाद पूरे दिन धार्मिक समागमों का आयोजन किया गया।
इस धार्मिक समागम में भाई मलकीत सिंह के इंटरनेशनल ढाडी जत्थे ने हिंद की चादर धन धन श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के जीवन वृत्तांत और उनके द्वारा मज़लूमों की रक्षा के लिए दी गई अद्वितीय और लाजवाब शहादत के बारे में संगतों को विस्तार से अवगत करवाया।
भाई गुरमीत सिंह जी दमदमी वाले के रागी जत्थे ने अपने रस भरे कीर्तन के माध्यम से संगतों को इलाही बाणी के साथ गा-गा कर गुरु से जोड़ने का प्रयास किया।
श्रोमणी प्रचारक भाई अमरीक सिंह जी शाहबाद मारकंडा वाले ने गुरु साहिब द्वारा उच्चारित धुर की बाणी के 15 रागों में 59 शब्द और 57 श्लोक, जो धन धन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज में सुशोभित हैं, के बारे में संगतों को अवगत करवाया।
इसके अलावा भाई धरम सिंह पटियाला वाले, भाई कुलदीप सिंह जी अमृतसर वाले, भाई हरभजन सिंह, भाई गुरविंदर सिंह, भाई सरबजोत सिंह, भाई दिलबर सिंह, भाई मनप्रीत सिंह, शेरे पंजाब कविशरी जत्था, बाबा दीप सिंह कविशरी जत्था, हरजस कीर्तनी जत्था, भाई सुखविंदर सिंह के जत्थों के अलावा गुरुद्वारा सिंह शहीदां के हजूरी जत्थे — भाई इंदरजीत सिंह, भाई जसवंत सिंह, भाई गुरमीत सिंह और भाई गुरनाम सिंह — ने कथा, कीर्तन, कविशरी और गुरमत विचारों के माध्यम से पूरे दिन हरि जस सुनाकर संगत को निहाल किया।
सभी जत्थों को सिरोपा देकर सम्मानित किया गया। प्रकाश पुरब की खुशी में दरबार साहिब जी के अंदर फूलों से विशेष सजावट की गई थी। हजारों संगतों ने इस पवित्र स्थान के पवित्र सरोवर में इश्नान किया। गुरु का लंगर इस मौके पर अटूट वितरित किया गया।
इस मौके पर गुरुद्वारा सिंह शहीदां की प्रबंधक कमेटी के प्रवक्ता ने बताया कि खालसा पंथ साजना दिवस की खुशी में 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक विशेष गुरमत समागमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें उच्च कोटि के पंथ प्रसिद्ध प्रचारक रोजाना शाम 4:45 बजे से 6:00 बजे तक संगतों को हरजस सुनाकर निहाल करेंगे। गुरु का लंगर अटूट वरता जाएगा जी।