संतोषगढ़/ऊना, 30 मई (राजवीर चोपड़ा):- स्थानीय उत्कृष्ट राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, संतोषगढ़ में शनिवार को स्कूल प्रिंसिपल की अध्यक्षता में स्कूल प्रबंधक समिति (एसएमसी) के गठन के लिए अभिभावकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विद्यालय के विकास, सौंदर्यीकरण तथा शैक्षणिक गतिविधियों को और बेहतर बनाने के लिए नई समिति का गठन करना था।
बैठक में विद्यालय की प्रिंसिपल **कविता कुमारी** ने उपस्थित अभिभावकों को स्कूल प्रबंधक समिति के महत्व एवं गठन प्रक्रिया की जानकारी दी। चुनाव प्रक्रिया एसएमसी कोऑर्डिनेटर **अंकुश वशिष्ठ**, **संदीप कुमार** तथा **डीपी प्रवीण शर्मा** की देखरेख में संपन्न हुई।
इस दौरान अभिभावक **नरेश सिंघा** ने कहा कि पिछली समिति ने विद्यालय के हित में सराहनीय कार्य किए हैं। इसके बाद पूर्व अध्यक्ष **देवीलाल** का नाम पुनः अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया गया। उपस्थित सभी अभिभावकों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव का समर्थन किया और **देवीलाल (वार्ड नंबर-2)** को आगामी दो वर्षों के लिए स्कूल प्रबंधक समिति का अध्यक्ष चुन लिया गया।
इसके अलावा **वीना देवी (वार्ड नंबर-4)** को उपाध्यक्ष बनाया गया। समिति में **आशा रानी, हरभजन सिंह, वरिंदर जसवाल, प्रवीण कुमारी, राजकुमारी, सपना देवी, प्रोमिला, रमनदीप, अमरजीत कौर, सपना, रेनू बाला, अंजू बाला** तथा **संदीप कुमार** को सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवीलाल ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विद्यालय के सर्वांगीण विकास, विद्यार्थियों के हितों तथा स्कूल के बेहतर वातावरण के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। विद्यालय प्रशासन ने भी नई समिति को शुभकामनाएं देते हुए सहयोग की अपेक्षा जताई।
सर्वसम्मति से देवीलाल बने स्कूल प्रबंधक समिति के अध्यक्ष नई कार्यकारिणी का गठन
