बलाचौर, 30 अक्टूबर (जतिंदर पाल सिंह कलेर):- शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत ने बलाचौर विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के हलका इंचार्ज सेठी सरपंच थोपिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने एसडीएम बलाचौर के माध्यम से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को 16 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

इस मौके पर सेठी सरपंच थोपिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने के बावजूद बलाचौर विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में पूरी तरह पिछड़ गया है। विकास की रफ्तार को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, वे जमीनी हकीकत में कहीं दिखाई नहीं देते। उन्होंने कहा कि सरकार केवल फ्लेक्स बोर्डों के माध्यम से झूठा प्रचार करने में आगे है, जबकि जमीनी स्तर पर लोग आज भी टूटी सड़कों, गंदे पानी, ट्रैफिक जाम और बंद अस्पतालों की समस्याओं से जूझ रहे हैं।

मांग पत्र में सबसे पहले बलाचौर में 400 मीटर का खेल ट्रैक बनाने और क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की कमी पूरी करने की मांग की गई। बलाचौर शहर की खस्ताहाल सड़कों, जैसे भद्दी रोड, मेन चौक और गढ़ी रोड आदि के नवीनीकरण की मांग उठाई गई। शहर की सड़कों से अवैध कब्जे हटाने, रेहड़ी-फड़ी वालों द्वारा फेंके जाने वाले कचरे के उचित प्रबंधन, शहर में ट्रैफिक जाम से राहत, गंदे पानी की निकासी का स्थायी समाधान और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत चालू करने की मांग भी की गई।

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मांग पत्र में कहा गया कि काठगढ़ के बंद पड़े सिविल अस्पताल को दोबारा शुरू करवाया जाए और वहां डॉक्टरों की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के स्थानों पर न भटकना पड़े।

प्रदूषण के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा गया कि तहसील में स्थित फैक्ट्रियों का गंदा पानी सतलुज नदी और जमीन में छोड़े जाने के कारण भूजल दूषित हो रहा है। इस पर तुरंत रोक लगाने की मांग की गई। इसके साथ ही शहर में बढ़ रहे ध्वनि प्रदूषण पर भी नियंत्रण लगाने की मांग उठाई गई।

सड़क हादसों को रोकने के लिए आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की गई। काठगढ़ मोड़, कंगना पुल बाईपास (रोपड़ से जालंधर सड़क) और जीटी रोड हाईवे पर गढ़ी कानूनगोआं चौक, जिसे भुलेखा चौक भी कहा जाता है, में फ्लाईओवर पुल बनाने की मांग भी रखी गई।

नशों के मुद्दे पर सेठी थोपिया ने कहा कि नशों को रोकने के प्रयास में शहीद हुए परमिंदर छोटा के परिवार को इंसाफ दिया जाए और परिवार द्वारा बनाई गई कमेटी की मांगों को लागू किया जाए। नशों पर रोक लगाने के लिए गुप्त टीमों का गठन करने की मांग भी की गई।

अंत में हलका इंचार्ज सेठी सरपंच थोपिया ने कहा कि ये मांगें किसी एक राजनीतिक पार्टी की नहीं, बल्कि क्षेत्र के आम लोगों की बेहद जरूरी जरूरतों से जुड़ी हैं। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि इन समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए, अन्यथा लोग सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।