हांसी:– सरकार के जनहित एवं सुशासन के संकल्प को साकार करने की दिशा में जिला सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त राहुल नरवाल ने आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को केवल औपचारिकता न मानते हुए उसकी गंभीरता को समझें और समाधान की प्रक्रिया में पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान शिविर के दौरान भूमि एवं राजस्व संबंधी मामलों, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, अवैध कब्जों, जल निकासी, बिजली आपूर्ति, ड्रेन निर्माण तथा नगर परिषद से संबंधित विभिन्न शिकायतों पर सुनवाई की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रत्येक मामले की विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
शिविर में थुराना निवासी राजेंद्र, पुरिया निवासी कुलदीप, ढाणी कुम्हारान निवासी पूनम, नारनौंद निवासी मुकेश कुमार, बड़ाला निवासी अमीर सिंह, सिसाय निवासी अशोक कुमार, डाटा निवासी कृष्ण कुमार, संदीप सिंह तथा महावीर सहरावत द्वारा प्रस्तुत शिकायतों पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को समय पर कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
उपायुक्त ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा कर आमजन को राहत प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करे, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।