करनाल, 28 अगस्त:- करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। विधायक को डाक के जरिए धमकी भरा पत्र भेजा गया है। पत्र में विधायक और उनके बेटे की हत्या करने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए दोनों को गोलियों से भूनने की बात कही है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

**पुलिस को दी सूचना, मुख्यमंत्री को भी लिखा पत्र
धमकी भरा पत्र मिलने के बाद विधायक जगमोहन आनंद ने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी। उन्होंने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी पत्र लिखकर घटना की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही विधायक ने अपने और अपने बेटे की सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की है।
 पुलिस ने विधायक की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमकी भरा पत्र कहां से भेजा गया, इसे किसने भेजा और क्या वास्तव में इसका संबंध किसी गैंग से है। फिलहाल मामले को लेकर विधायक के परिवार में भी दहशत का माहौल है।
 हालांकि, धमकी के पीछे वास्तविक वजह क्या है और पत्र भेजने वाला कौन है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। फिलहाल करनाल विधायक को भेजे गए धमकी भरे पत्र की जांच पुलिस के लिए सबसे अहम है।