अंबाला, 03 अक्तूबर (आर. सिंह):- अंबाला कैंट में गठित तीसरे रोटरी क्लब अंबाला कैंट के चार्टर अध्यक्ष की ताजपोशी का भव्य समारोह गत रात्रि एस.डी. कॉलेज के ऑडिटोरियम में धूमधाम से आयोजित किया गया। इस समारोह में रोटरी जिला 3080 की गवर्नर रोटेरियन डॉ. रीटा कालड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा वर्ष 2027-28 के गवर्नर महेंद्र पाल गुप्ता ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की और दलीप मेहता को चार्टर अध्यक्ष का कॉलर पहनाकर संस्थापक अध्यक्ष के रूप में उनकी ताजपोशी की।

कार्यक्रम के आरंभ में इंस्टॉलेशन चेयरमैन लज्जा राम सैनी के स्वागत संबोधन के बाद दलीप मेहता ने अपने संबोधन में पूरे वर्ष किए जाने वाले कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। चार्टर सचिव रविंदर शर्मा ने इस वर्ष किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।

रोटरी जोन 14 के सहायक गवर्नर रोहित गुप्ता और डिप्टी गवर्नर नरेश भारद्वाज ने भी दलीप और उनकी टीम को आशीर्वाद दिया। समारोह के विशेष अतिथि एवं अगले वर्ष के गवर्नर महेंद्र पाल गुप्ता ने अंबाला कैंट तथा यहां के रोटरी क्लब के साथ अपने यादगार संबंधों का उल्लेख किया और घोषणा की कि दलीप की समाज सेवा के प्रति लगन तथा उनके कार्यों को देखते हुए उन्हें अगले वर्ष के लिए सहायक गवर्नर नियुक्त किया जाता है।

मुख्य अतिथि रोटरी जिला गवर्नर डॉ. रीटा कालड़ा ने दलीप और उनकी टीम को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि दलीप के नेतृत्व में यह नया क्लब तेजी से प्रगति करते हुए न केवल जिले में बल्कि रोटरी इंटरनेशनल में भी अपनी पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि रोटरी समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का विश्वस्तरीय मंच है।

इस अवसर पर क्लब की ओर से कई प्रसिद्ध हस्तियों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें प्रिंसिपल डॉ. देश बंधु, शशि गुल्हाटी और धर्म पाल गुल्हाटी, टी.के. बजाज, आरसीसी के प्रधान सिमरनजीत सिंह (नहौणी) और प्रितपाल सिंह (पिलखनी), पत्रकार देव दत्त और तेजिंदर शर्मा आदि शामिल थे।

रोटरी क्लब की ओर से गवर्नर डॉ. रीटा कालड़ा, डीजी इलेक्ट एम.पी. गुप्ता, डिप्टी गवर्नर नरेश भारद्वाज, सहायक गवर्नर रोहित गुप्ता आदि को भी सम्मानित किया गया।

समारोह का मंच संचालन डॉ. विजय शर्मा ने बेहद खूबसूरत ढंग से किया, जिसकी सभी ने सराहना की। अंबाला कैंट के रोटरी क्लबों में इस क्लब की विशेषता यह रही कि इसमें शहर के प्रतिष्ठित लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।