करनाल, 29 मई:- करनाल में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एनकाउंटर के दौरान घायल होकर पकड़ा गया एक बदमाश सिविल अस्पताल के कैदी वार्ड से फरार हो गया। आरोपी को 25 मई को सीआईए-1 टीम ने गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ के दौरान उसकी टांग और कुल्हे के पास गोली लगी थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जानकारी के मुताबिक बदमाश की निगरानी के लिए चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इलाज पूरा होने के बाद उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाना था, लेकिन उससे पहले ही वह 28 और 29 मई की दरम्यानी रात अस्पताल से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिस को चकमा देने के लिए बेडशीट ओढ़ ली और अस्पताल से निकल गया। घटना का पता चलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की पहचान पंजाब के खरड़ निवासी गुरजीत सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसे तरावड़ी पेट्रोल पंप पर फायरिंग और लूट की कोशिश के 23 दिन पुराने मामले में गिरफ्तार किया था। आरोपी हरियाणा के करनाल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत और पलवल जिलों में पेट्रोल पंप लूट की पांच वारदातों में वांटेड था। अस्पताल सूत्रों के अनुसार जिस कैदी वार्ड में आरोपी भर्ती था, वह अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित है।
पिछले दो दिनों से वह दर्द से कराहने और चलने-फिरने में असमर्थ होने का नाटक कर रहा था। हालांकि डॉक्टर उसे जल्द छुट्टी देने की तैयारी में थे। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि रात करीब 12 बजे तूफान के कारण अस्पताल की बिजली गुल हो गई थी। करीब दो से ढाई मिनट बाद जब बिजली वापस आई तो आरोपी बेड से गायब मिला। फुटेज में पुलिसकर्मी उसे तलाशते हुए इधर-उधर दौड़ते नजर आ रहे हैं।
फुटेज में आरोपी बेडशीट लपेटे हुए सामान्य रूप से चलता दिखाई दे रहा है। वह कहीं से घायल या लंगड़ाता हुआ नहीं लग रहा था। जबकि दिन के समय वह खुद को बेहद कमजोर और चलने में असमर्थ दिखा रहा था।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आरोपी के हाथों में लगी हथकड़ी आखिर खुली कैसे। पुलिस ने हथकड़ी को बेड से बांध रखा था, लेकिन आरोपी के भागने के बाद हथकड़ी बेड पर ही मिली। ऐसे में महज दो मिनट के भीतर हथकड़ी खोलकर फरार होना कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
करनाल अस्पताल से फरार हुआ एनकाउंटर में घायल बदमाश बेड पर रह गई हथकड़ी आरोपी फरार पुलिस में मचा हड़कंप
