चंडीगढ़:- गारबेज कलेक्शन सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल की संयुक्त आयुक्त और एमओएच अधिकारियों के साथ बैठक, हर महीने संयुक्त बैठक पर भी बनी सहमति। डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल की नगर निगम के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में गारबेज कलेक्टर्स की लंबित मांगों और फील्ड में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर निगम अधिकारियों ने प्रमुख मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्हें जल्द हल करने का आश्वासन दिया।
बैठक में नगर निगम की ओर से संयुक्त आयुक्त बलबीर राज, एमओएच इंद्रजीत कौर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान धर्मबीर राणा के नेतृत्व में बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक में कमर्शियल एरिया में काम कर रहे गारबेज कलेक्टर्स का जल्द सर्वे करवाकर नया एमओयू लागू करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सोसाइटी ने फेस अटेंडेंस व्यवस्था में तकनीकी खराबी अथवा छुट्टी के दौरान हेल्पर द्वारा काम करने की स्थिति में वेतन कटौती नहीं करने की मांग भी रखी।
गारबेज कलेक्टर्स ने बरसाती और गमबूट की रुकी हुई राशि के साथ वर्ष 2024-25 का लंबित एरियर जल्द जारी करने की मांग की। सोसाइटी का कहना है कि यह राशि लंबे समय से लंबित है और कर्मचारियों को इसका भुगतान जल्द किया जाना चाहिए।
इसके अलावा सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र, मास्क, ग्लव्स और अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने तथा डिस्पेंसरियों में नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा देने की मांग भी रखी गई।
बैठक में पंजाब एंड सिंध बैंक के तहत लंबित 2.50 लाख रुपये के बीमा क्लेम दिलाने की मांग की गई। इसके साथ ही पिछले पांच वर्षों से लंबित 10 लाख रुपये वार्षिक वेलफेयर फंड जारी करने का मुद्दा भी उठाया गया।
सोसाइटी ने बताया कि करीब 70 से 80 गाड़ियां खराब पड़ी हैं, जिसके कारण फील्ड में काम प्रभावित हो रहा है। इन वाहनों की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की गई। इसके अलावा एमआरएफ सेंटरों में तैनात ड्राइवरों का तीन से छह महीने के अंतराल पर नियमित रोटेशन करने की मांग भी रखी गई।
दिवंगत गारबेज कलेक्टर्स के आश्रितों के एमओयू ट्रांसफर की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की गई। सोसाइटी ने कहा कि ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी होने तक आश्रितों को उनके काम का पूरा वेतन दिया जाना चाहिए।
सोसाइटी के प्रधान धर्मबीर राणा ने फील्ड में आने वाली समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम अधिकारियों और सोसाइटी के प्रतिनिधियों की हर महीने संयुक्त बैठक आयोजित करने की मांग रखी। अधिकारियों ने इस प्रस्ताव पर भी सहमति जताई।
बैठक के बाद धर्मबीर राणा ने संयुक्त आयुक्त बलबीर राज, एमओएच इंद्रजीत कौर सहित नगर निगम के अधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि संगठन गारबेज कलेक्टर्स की समस्याओं को लेकर लगातार प्रयास करता रहेगा और कर्मचारियों के हितों के लिए उनके साथ खड़ा रहेगा।
बैठक में चेयरमैन रणवीर सिंह, महासचिव विजेन्द्र दुलगच, करण सिंह गोरी, वेद प्रकाश राणा, दीपक नेपाली, संजू लोहत, नरेश कांगड़ा, मोनू चरण, गीता शक्तिमान, मोनिका नगर, लता नगर, नरेश लोहत, भजन लाल बिशन पुहाल सहित विपक्ष के नेता सुरेन्द्र कांगड़ा और उनकी टीम भी मौजूद रही।