हिसार:- हिंदू नववर्ष महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस महोत्सव की शुरुआत विष्णुतिलक वाली अभिमंत्रित ध्वजा यात्रा से की जाएगी। इस ध्वजा यात्रा में हजारों लोग नाचते-गाते हुए हिस्सा लेंगे। 22 मार्च को हिसार की नई अनाज मंडी में स्थित श्री सत्यनारायण शिव मंदिर के सामने विशाल पंडाल में आयोजित होने वाले महोत्सव के लिए पूरे मंदिर परिसर व पंडाल को भगवा ध्वजाओं से सजाया जाएगा। 
श्री प्रभुभक्त संकीर्तन मंडल द्वारा विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में आयोजित होने वाले हरियाणा के विशालतम हिंदू नववर्ष महोत्सव एवं रामोत्सव की धूम पूरे देश में दिखाई देगी।
   ऋषि नगर में स्थापित बुधला संत मंदिर में हिंदू नववर्ष आयोजन समिति द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान 22 मार्च के हिंदू नववर्ष महोत्सव के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान विष्णुतिलक वाली अभिमंत्रित ध्वजाओं का अनावरण भी किया गया। 
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद प्रांत सत्संग प्रमुख प्रो. दीपक कुमार, कार्यक्रम संयोजिका ममता सोनी, महिला प्रमुख उमेश, महिला सह प्रमुख कुसुम व अनिता बिंदल, संपर्क प्रमुख अंजू सिंगल, सचिव दीपिका कौशिक, कोष प्रमुख रिंकू, व्यवस्था प्रमुख अनिता गर्ग, अंकित, सुनील, बलदेव, मोहित, प्रवीण व सक्षम विशेष रूप से मौजूद रहे।
  प्रो. दीपक कुमार ने बताया कि हिंदू नववर्ष महोत्सव 22 मार्च को प्रात: 7 बजे शुरू हो जाएगा। इस महोत्सव में श्री प्रभुभक्त संकीर्तन मंडल, विश्व हिंदू परिषद, छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति व हिंदू नववर्ष आयोजन समिति की विशेष भूमिका रहेगी। उन्होंने बताया महोत्सव के दौरान विराट धर्म सभा, मधुरमय संकीर्तन, पुष्प व इत्र वर्षा होगी। श्रद्धालुओं को भारत माता का आलौकिक स्वरूप भी देखने को मिलेगा। कई प्रसिद्ध गायक भजनों के माध्यम से श्री श्याम बाबा व भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान करेंगे। 
श्री श्याम रसोई के माध्यम से सात्विक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भक्तों में चूरमा व फल का प्रसाद एवं करमाबाई का खीचड़ा वितरित किया जाएगा। प्रो. दीपक कुमार ने हिंदू नववर्ष का धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व बताया और इसके वैज्ञानिक आधार का भी वर्णन किया। उन्होंने यह भी समझाया कि हिंदू नववर्ष कैसे मनाया जाए। उन्होंने कहा कि 22 मार्च के हिंदू नववर्ष महोत्सव में सनातन धर्म व देशभक्ति की अलख भी जगाई जाएगी।
   उन्होंने बताया कि हिंदू नववर्ष महोत्सव में विहिप के केंद्रीय मंत्री अंबरीश जी और हरियाणा आरएसएस के प्रांत प्रचारक सुरेंद्रपाल जी विशेष रूप से पहुंचेंगे। इनके साथ ही देश व प्रदेश की कई प्रसिद्ध हस्तियां महोत्सव में हिस्सा लेंगी। महोत्सव में हितेश ग्रोवर कार्यक्रम प्रभारी एवं ममता सोनी संयोजिका का दायित्व निभाएंगे। इनके साथ ही सुनील गोयल, अंजू सिंगल, अनिता बिंदल, उमेश राजपाल, अशोक तिलकधारी, कुसुम गोयल, दीपिका कौशिक व रिंकू साहनी की महोत्सव में महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।